मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई, कहा- बेटियों के लिए प्रेरणा है ज्ञानेश्वरी
Central Samvad रायपुर, 13 मई 2026।
राजनांदगांव की युवा वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने सीनियर एशियाई वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। 53 किलोग्राम वर्ग में उन्होंने सिल्वर और कांस्य पदक हासिल कर देश और प्रदेश का मान बढ़ाया।

ज्ञानेश्वरी यादव ने प्रतियोगिता के स्नैच वर्ग में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 106 किलोग्राम वजन उठाया। कुल 194 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दमदार प्रदर्शन दर्ज किया।
उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।

सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और समर्पण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी आने वाले समय में देश के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी। ज्ञानेश्वरी के प्रदर्शन से खेल जगत में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा को नई पहचान मिली है।

