Central Samvad रायपुर 17मई 2026
सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज दिव्यांशु देवांगन को सम्मानित किया। कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में मुख्यमंत्री ने दिव्यांशु को मेडल पहनाकर और पुरस्कार भेंट कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।

दिव्यांशु देवांगन ने मिस्र की राजधानी कायरो में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप 2026 में 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। उनकी इस उपलब्धि से रायगढ़, छत्तीसगढ़ और पूरे देश में खुशी और गर्व का माहौल है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने दिव्यांशु के माता-पिता और दादी से भी मुलाकात की और कहा कि दिव्यांशु ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी विश्व मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को हर संभव प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी दिव्यांशु को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

दिव्यांशु की सफलता को रायगढ़ जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के कई देशों के खिलाड़ियों के बीच उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाया और विश्व रिकॉर्ड कायम किया।दिव्यांशु की इस उपलब्धि से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है। रायगढ़ सहित पूरे छत्तीसगढ़ में उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

