Central Samvad 17 मई 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड में ग्राम गंवरघुटरी में जल्द ही 100 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल से वनांचल क्षेत्र में रहने वाले हजारों ग्रामीणों, खासकर आदिवासी और गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा ग्राम गंवरघुटरी की 2 हेक्टेयर भूमि 30 वर्ष की लीज पर अजीम प्रेमजी फाउंडेशन को दी गई है। यहां फाउंडेशन द्वारा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ जिले के दौरे के दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन को भूमि आबंटन आदेश की प्रति सौंपी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।इस अवसर पर वित्तमंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।अस्पताल बनने के बाद धरमजयगढ़ और आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए रायगढ़, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में सामान्य चिकित्सा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन उपचार और जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे वनांचल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। उनका मानना है कि अस्पताल बनने से स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

