Central Samvad, रायपुर, 18 मई 2026/

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज रायपुर के माना पुलिस परेड ग्राउंड में छत्तीसगढ़ पुलिस की अत्याधुनिक ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112 सेवा’ और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह भी मौजूद रहे।कार्यक्रम में 400 आधुनिक डायल-112 वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

‘एक्के नंबर, सब्बो बर’ थीम पर आधारित यह सेवा पुलिस, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी, सड़क दुर्घटना और आपदा जैसी परिस्थितियों में लोगों को एक ही नंबर पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराएगी।

नई डायल-112 सेवा में जीपीएस, स्मार्टफोन, डैश कैम, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग और तेजी से प्रतिक्रिया देना आसान होगा। सेवा 24 घंटे संचालित होगी और इसमें कॉल, एसएमएस, व्हाट्सएप, वेब पोर्टल तथा SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी सहायता ली जा सकेगी।वहीं ‘Science on Wheels – Towards Faster Justice’ थीम पर शुरू की गई मोबाइल फॉरेंसिक वैन घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराएंगी।

इन वैन में फिंगरप्रिंट डिटेक्शन, डिजिटल फॉरेंसिक, साक्ष्य संरक्षण, बैलिस्टिक जांच और नार्कोटिक्स परीक्षण जैसी आधुनिक तकनीकें मौजूद हैं। इससे जांच प्रक्रिया तेज और अधिक सटीक हो सकेगी।
राज्य सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से आपातकालीन सेवाएं मजबूत होंगी, अपराध जांच में तेजी आएगी और लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा और बढ़ेगा।

