Central Samvad, रायपुर | 18 मई 2026
रायपुर, 18 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विभागीय टीम दिन-रात निगरानी और छापेमार कार्रवाई कर रही है।

इसके लिए रात्रिकालीन गश्त, औचक निरीक्षण और ड्रोन तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है।सचिव खनिज साधन विभाग और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता तथा जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम कागदेही में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा में फॉरेस्ट नर्सरी के पास बिना अनुमति रेत का अवैध भंडारण पाया गया।

जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 1740 घनमीटर रेत जब्त की गई।जब्त रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद श्री देवेंद्र कुमार साहू के सुपुर्द किया गया। वहीं जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी जप्त कर आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया।

खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन पर लगाम लग रही है। प्रशासन की सक्रियता से अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को कड़ा संदेश मिल रहा है।

