Central Samvad 20 मई 2026
21 जून को आयोजित होने वाली री-नीट परीक्षा से ठीक पहले मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के दबाव, परीक्षा व्यवस्था पर उठते सवालों और विद्यार्थियों के मानसिक संघर्ष पर आधारित नॉन-कमर्शियल शॉर्ट फिल्म ‘तमाशा’ रिलीज की गई है। यदा कदा यूट्यूब चैनल पर जारी इस फिल्म में एक नीट अभ्यर्थी और उसके परिवार के संघर्ष को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म में परीक्षा केंद्रों की अव्यवस्था, सख्त ड्रेस कोड और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। हाल के समय में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं, जिससे लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की उम्मीदें भी प्रभावित हुई हैं।
ऐसे समय में यह फिल्म समाज, अभिभावकों और नीति-निर्माताओं को सोचने पर मजबूर करती है।फिल्म का निर्देशन, लेखन और संपादन केवल कृष्ण ने किया है। पार्श्व संगीत अमित प्रधान का है। यह प्रस्तुति यदा कदा पब्लिकेशंस, रायपुर की है।वहीं, सरकार का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सख्त निगरानी रखी जा रही है।
सेंट्रल संवाद सभी विद्यार्थियों से अपील करता है कि वे आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखें, सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करें। मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि वर्तमान समय की एक महत्वपूर्ण सामाजिक अभिव्यक्ति भी है।

