छत्तीसगढ़ के तीन आईएएस अधिकारियों को मिली राष्ट्रीय स्तर पर पहचानअधिकारी-कर्मचारियों ने दी बधाई
Central Samvad रायपुर, 21 मई 2026
देश के कुल 800 जिलों में किए गए ‘फेम इंडिया’ और ‘एशिया पोस्ट’ एजेंसी के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सर्वे में बालोद जिले की कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अपनी प्रशासनिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के 100 सर्वश्रेष्ठ जिला मजिस्ट्रेटों (डीएम) की सूची में स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने न केवल राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई, बल्कि छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान भी हासिल किया है।
इस प्रतिष्ठित सूची में छत्तीसगढ़ से रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह तथा पूर्व बीजापुर कलेक्टर एवं वर्तमान रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा को भी शामिल किया गया है।‘फेम इंडिया’ और ‘एशिया पोस्ट’ एजेंसी द्वारा किए गए इस राष्ट्रीय सर्वे में बेहतर गवर्नेंस, त्वरित निर्णय क्षमता, नवाचार, संकट प्रबंधन, जनसरोकार और संवेदनशील प्रशासन सहित 10 प्रमुख मानकों के आधार पर जिला मजिस्ट्रेटों का चयन किया गया।
यह सम्मान जमीनी स्तर पर प्राप्त जनमत और प्रशासनिक कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किया गया है।संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

बधाई देने वालों में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, समस्त एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को देते हुए कहा कि सभी ने पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके कारण शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन संभव हो सका। उन्होंने जिले की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

