Central Samvad 21मई रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम कुशहा में नीति आयोग समर्थित ‘मिशन कामयाबी’ के तहत संचालित ‘कामयाबी वेन’ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस पहल के जरिए दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक डिजिटल शिक्षा और तकनीकी आधारित शिक्षण पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि गांवों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक तकनीक का समान अवसर मिले। उन्होंने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों और नई शिक्षण पद्धतियों से जोड़ना बेहद जरूरी है।

‘कामयाबी वेन’ के माध्यम से विद्यार्थियों को वर्चुअल रियलिटी (VR) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) तकनीक आधारित शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल विज्ञान, गणित और तकनीकी विषयों को अधिक रोचक और व्यवहारिक तरीके से समझाने में सहायक होगी।

इससे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और तकनीकी जागरूकता में वृद्धि होने की संभावना है।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह अभिनव पहल दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी और उन्हें आधुनिक शिक्षा से प्रभावी ढंग से जोड़ेगी।

