Central Samvad 26मई 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में ई-प्रगति पोर्टल पर दर्ज राज्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही करने वाली निर्माण एजेंसियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में बिलासपुर के उसलापुर और कोनी स्थित वर्किंग वुमेन हॉस्टल, 4G मोबाइल टॉवर स्थापना, मोबाइल टॉवर के लिए विद्युत अधोसंरचना परियोजना तथा गरियाबंद जिले की सिकारसर-कोडार रिसीवर लिंक कैनाल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई।मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट जियोटैग फोटो के साथ ई-प्रगति पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए, ताकि कार्यों की पारदर्शी मॉनिटरिंग हो सके।

उन्होंने मोबाइल टॉवर स्थापना में आ रही भूमि आवंटन और तकनीकी समस्याओं को संबंधित कलेक्टरों के समन्वय से जल्द दूर करने को कहा।उन्होंने संबंधित जिलों के कलेक्टरों को व्यक्तिगत रुचि लेकर परियोजनाओं की दैनिक समीक्षा करने और काम में तेजी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।समीक्षा बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी, जल संसाधन तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के 21 जिलों के कलेक्टर बैठक में शामिल हुए।

