देशभर के प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार इच्छुक बच्चे 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रतिवर्ष भारत के राष्ट्रपति द्वारा उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अपने असाधारण कार्यों और उपलब्धियों से देश का नाम रोशन किया हो।विभागीय जानकारी के अनुसार 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे इस पुरस्कार के लिए पात्र होंगे। पुरस्कार के अंतर्गत वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता दी जाएगी।राज्य शासन ने बताया कि योग्य बच्चों का नामांकन अभिभावक, शिक्षण संस्थाएं, सामाजिक संगठन अथवा अन्य व्यक्ति भी कर सकते हैं। बच्चों के लिए स्व-नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सभी आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल का लिंक

https://awards.gov.in
प्रदेश शासन ने अधिक से अधिक प्रतिभाशाली बच्चों से आवेदन करने की अपील की है, ताकि उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल सके।

