Central Samvad रायपुर 26 मई 20
ग्राम पंचायतों में सहकारी समिति का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने सहकारिता व्यवस्था को मजबूत कर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया है। मंत्रालय में आयोजित राज्य सहकारी विकास समिति की उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों तक खाद, बीज, दवा, बैंकिंग और रोजगार जैसी सुविधाएं आसानी से पहुंचाई जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारी समिति का संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) को बहुआयामी स्वरूप देते हुए उन्हें दुग्ध, मत्स्य पालन और लघु वनोपज गतिविधियों से जोड़ा जाए।बैठक में पैक्स गोदामों के निर्माण, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र और कॉमन सर्विस सेंटर जैसी सुविधाओं के ग्रामीण विस्तार की समीक्षा की गई।

राज्य की पैक्स समितियों को भारतीय बीज सहकारी समिति, राष्ट्रीय सहकारी निर्यात समिति और राष्ट्रीय जैविक सहकारी समिति से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।समर्थन मूल्य पर मक्का और दलहन खरीदी के लिए किसानों एवं पैक्स समितियों का पंजीयन एनसीसीएफ और नाफेड के पोर्टलों पर कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण बैंकिंग को मजबूत करने के लिए पैक्स, दुग्ध और मत्स्य समितियों में माइक्रो एटीएम स्थापित करने तथा सदस्यों को रूपे कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की समीक्षा भी की गई।मुख्य सचिव ने राज्य के सहकारी शक्कर कारखानों में मल्टीफील्ड इथेनॉल संयंत्रों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में इंटरनेट बैंकिंग, पैक्स कम्प्यूटरीकरण, पीएम किसान समृद्धि केंद्रों की स्थापना और ग्रामीण पाइप जलापूर्ति योजनाओं के संचालन की प्रगति पर भी चर्चा की गई।बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नाबार्ड, एनसीडीसी, राष्ट्रीय दुग्ध विकास बोर्ड और राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

