Central Samvad रायपुर 2 जून 2026
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में गहान सार्थल और माछीपाल क्षेत्रों में बादल फटने की दो घटनाएं सामने आई हैं। बादल फटने के बाद कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे 34 सड़कें प्रभावित हुई हैं। प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।जिला प्रशासन के अनुसार, बादल फटने से तीन से चार सड़कों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

अब तक किसी व्यक्ति के हताहत होने, घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि प्रभावित सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने झील और प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी बताया कि गहान सार्थल और माछीपाल में हुई दोनों घटनाओं में अब तक जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, रेड क्रॉस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।अधिकारियों के अनुसार, कुछ सड़कों के अवरुद्ध होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मशीनों और कर्मचारियों को लगाकर मार्गों को जल्द बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

