Central Samvad रायपुर 12 जून
महतारी वंदन योजना के तहत रायगढ़ जिले में पात्र महिलाओं का ई-केवाईसी कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों और वीएलई की संयुक्त टीम घर-घर पहुंचकर वृद्ध, बीमार और दिव्यांग महिलाओं का ई-केवाईसी कर रही है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे।अभियान के तहत ग्रामवार और सेक्टरवार सूची तैयार कर शेष महिलाओं की पहचान की गई है। दस्तावेज सत्यापन के साथ ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विशेष अभियान के दौरान कई महिलाओं के घर पहुंचकर भी ई-केवाईसी किया गया।रायगढ़ जिले ने इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले में 96 प्रतिशत से अधिक ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है। योजना में पारदर्शिता और लाभ की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य है।

