Central Samvad रायपुर 14जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को राजनांदगांव की युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों टीमों की उपकप्तान चुने जाने पर महक नरवासे को बधाई दी।

उन्होंने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर महक का सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि महक की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई पहचान बना रही हैं।
महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।

