Central Samvad रायपुर, 19 जून 2026
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने रायगढ़ प्रवास के दौरान पुसौर विकासखंड के ग्राम लोहरसिंग में निर्माणाधीन इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

करीब 91 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 34 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस आधुनिक खेल परिसर में फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, स्विमिंग पूल और इनडोर स्टेडियम सहित 18 खेलों की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

हाल ही में यहां प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ रूम और पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य शुरू हुए हैं।निरीक्षण के दौरान श्री साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को जिले में खेल संघों के गठन और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सहयोग प्रदान करने पर भी जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आधुनिक खेल परिसर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

इससे खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

