Central Samvad रायपुर 19 जून 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने शुक्रवार को जशपुर जिले में निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री बंसल ने रौनीघाट-बगीचा मार्ग, बगीचा-चराईडांड मार्ग तथा मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित पहुंच मार्ग का अवलोकन किया। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जशपुर से पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने जिले में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़कों, पुलों और भवनों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। श्री बंसल ने कहा कि विकास कार्यों का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचे, इसके लिए निर्माण की गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करना आवश्यक है।बैठक और निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

