Central Samvad रायपुर, 21 जून 2026
दंतेवाड़ा जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए ढोलकल ट्रैकिंग रूट का लोकार्पण किया गया। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की लगभग 61.05 लाख रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना का लोकार्पण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने किया।

मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि दंतेवाड़ा प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों और धार्मिक स्थलों से समृद्ध क्षेत्र है। ढोलकल ट्रैकिंग रूट शुरू होने से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इस ट्रैकिंग रूट के विकसित होने से ढोलकल क्षेत्र तक पहुंच पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगी। इससे पर्यटकों, प्रकृति प्रेमियों और ट्रैकिंग के शौकीनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा जिले में पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होगा।कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि यह परियोजना दंतेवाड़ा को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

साथ ही यह पहल पर्यटन विकास, स्थानीय रोजगार सृजन और प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं लेकर आएगी।इस अवसर पर विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

