Central Samvad रायपुर, 23 जून 2026
लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए लखनऊ विकास प्राधिकरण, अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर की गई है।पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

अलीगंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत छह नामजद आरोपियों और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। इनमें से चार आरोपियों को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
राज्य सरकार ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी में अतिरिक्त मुख्य सचिव धरमार्थ कार्य, पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है।

जांच दल को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।उल्लेखनीय है कि सोमवार दोपहर लगी भीषण आग में कम से कम 15 लोगों की मृत्यु हो गई थी। मृतकों में अधिकांश 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्र बताए गए हैं। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य के साथ-साथ घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

