Central Samvad रायपुर, 24 जून 2026
छत्तीसगढ़ को खनिज क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र स्थित बलौदा-बेलमुंडी डायमंड ब्लॉक में वैज्ञानिक अन्वेषण के दौरान पांच हीरे प्राप्त हुए हैं। एनएमडीसी-सीएमडीसी लिमिटेड द्वारा 200 टन बल्क सैंपल के परीक्षण के बाद मिले इन हीरों का कुल वजन 1.22 कैरेट है।

प्राप्त पांच हीरों में दो जेम क्वालिटी और तीन अन्य श्रेणी के हीरे शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि क्षेत्र में हीरा खनिजीकरण की संभावनाओं की पुष्टि करती है और भविष्य में विस्तृत अन्वेषण का आधार बनेगी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए उत्साहजनक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे निवेश, उद्योग, राजस्व और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक दोहन, पारदर्शी प्रबंधन और मूल्य संवर्धन आधारित औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।विशेषज्ञों के अनुसार प्रारंभिक चरण में मिली यह सफलता क्षेत्र की वास्तविक खनिज क्षमता के आकलन और भविष्य के सर्वेक्षण कार्यों के लिए महत्वपूर्ण संकेत है।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि इससे छत्तीसगढ़ की खनिज अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्राप्त होगी।

