Central Samvadरायपुर, 7 जुलाई।
राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपने स्वेच्छानुदान मद से बस्तर जिले के विकासखंड दरभा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुड़ा-चिंगपाल को 10 कंप्यूटर प्रदान किए।

इसके लिए राज्यपाल ने पूर्व में स्वीकृति प्रदान की थी।लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यालय के लिए कंप्यूटरों का औपचारिक रूप से हस्तांतरण किया। उन्होंने कहा कि इन कंप्यूटरों से सुदूर वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके ज्ञान एवं कौशल का विकास होगा।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुड़ा (जिला बस्तर) के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

