Central Samvadरायपुर, 14 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन शून्यकाल में खाद और उन्नत बीज की उपलब्धता को लेकर सदन में तीखी चर्चा हुई। विपक्ष ने किसानों को खाद और बीज की कमी का मुद्दा उठाते हुए स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि खाद और बीज की कमी से किसान परेशान हैं और कम बारिश के कारण बुआई भी प्रभावित हुई है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि डीएपी और पोटाश जैसे उर्वरकों की उपलब्धता पर्याप्त नहीं है, जिससे किसान कृषि विभाग की अव्यवस्था का सामना कर रहे हैं।
जवाब में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि राज्य में 14 लाख मीट्रिक टन से अधिक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 90 प्रतिशत है। उन्होंने यह भी कहा कि मांग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में बीजों का भंडारण किया गया है।

