Central Samvad नई दिल्ली 22 जुलाई 2026
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं।

संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई इस बैठक के दौरान शरद पवार ने प्रधानमंत्री को एक पत्र भी सौंपा, हालांकि पत्र की विषयवस्तु सार्वजनिक नहीं की गई है।यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब संसद के मानसून सत्र में विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार गतिरोध बना हुआ है।
वहीं, हाल के दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में भी कई घटनाक्रम सामने आए हैं, जिससे इस बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।मुलाकात के बाद यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि शरद पवार की पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के करीब आ सकती है।
हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में पार्टी की रणनीति पर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।

