Central Samvadगरियाबंद/रायपुर, 23 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, राजिम विधायक श्री रोहित साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलीपदर की रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामाजिक समरसता की अमूल्य धरोहर है। भगवान जगन्नाथ का संदेश सभी को साथ लेकर चलने और लोककल्याण का है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सितंबर तक बढ़ा दी गई है।
उन्होंने लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं के खातों में हर माह सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।उन्होंने कहा कि सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा भी की, जिससे आवागमन सुगम होगा।
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनसे पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा बच्चों के साथ आत्मीयता से सेल्फी भी खिंचवाई। रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरा अमलीपदर भक्ति एवं श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आया।

