Central Samvadरायपुर, 26 जुलाई
रक्षाबंधन के अवसर पर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026’ की शुरुआत की गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बच्चों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि रक्षाबंधन सुरक्षा, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है। इस अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ का स्नेह और सम्मान देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचेगा।उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने हाथों से बनाई गई राखी, सैनिकों के नाम शुभकामना संदेश और विजय तिलक के लिए आंगन की एक चुटकी पावन मिट्टी लिफाफे में रखकर भेजने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यह मिट्टी मातृभूमि के आशीर्वाद और छत्तीसगढ़ की भावनाओं का प्रतीक होगी।मंत्री ने बताया कि सभी नागरिक 30 जुलाई 2026 तक अपने लिफाफे निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र या महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
अभियान के तहत एकत्रित रक्षा-सूत्र पूर्व सैनिक महासभा के माध्यम से नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय भेजे जाएंगे, जहां से इन्हें देशभर में तैनात सैनिकों तक पहुंचाया जाएगा।उन्होंने प्रदेशवासियों से इस अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए सैनिकों के सम्मान और हौसले को मजबूत करने की अपील की।

