Central Samvadरायपुर, 27 जुलाई 2026/
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल के वीरों का बलिदान देश की भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए कारगिल में विजय हासिल की थी। यह जीत केवल सैन्य सफलता नहीं, बल्कि भारत के स्वाभिमान और संकल्प की विजय थी। उन्होंने वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि ईमानदारी से कर्तव्य निभाने, समय का पालन करने, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों को अपनाने में भी निहित है।डिजिटल युग की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने फर्जी सूचनाओं से सावधान रहने और शैक्षणिक संस्थानों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अनुशासन, सतर्कता और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना आवश्यक है।उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों से विद्यार्थियों में राष्ट्रबोध, अनुशासन, नेतृत्व और नवाचार की भावना विकसित करने का आह्वान किया। साथ ही, वीर सैनिकों के सम्मान में नियमित संगोष्ठियों और प्रदर्शनियों के आयोजन की भी अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व कुलपति प्रो. एन.पी. दीक्षित, वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. टी.एल. वर्मा, कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल, कुलसचिव डॉ. शैलेन्द्र पटेल सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

