Central Samvadरायपुर, 20 अगस्त 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय और निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं है।

नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में श्री बंसल ने अधिकारियों को प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने तथा ठेकेदारों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि नए सड़क और पुल प्रस्तावों में भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखा जाए।

जिन कार्यों की निविदा हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत तथा रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।श्री बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं को कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने और भू-अर्जन से जुड़े नामांतरण के पुराने व नए प्रकरणों को एक माह में पूरा करने के निर्देश दिए।

पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित विभागों को तत्काल हैंडओवर करने तथा विश्रामगृहों, सर्किट हाउस और विभागीय भवनों में साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को भी कहा।बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

