Central Samvadरायपुर, 24 अगस्त 2026।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने 36 घंटे के भीतर प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार, भारती एग्रीकल्चर कॉलेज, दुर्ग में पदस्थ प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया ने प्रश्नपत्र के लिफाफे में सुई और नुकीले औजार से छेद कर उसकी मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की।

इसके बाद उसने अपने कॉलेज के छात्र अजय नायक को प्रश्नपत्र 11 हजार रुपये में बेच दिया। बाद में प्रश्नपत्र अन्य छात्रों और सोशल मीडिया ग्रुप में वायरल हुआ।मामले की जांच के लिए 100 से अधिक पुलिस टीमों ने रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर में कार्रवाई की तथा डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
पुलिस ने आरोपियों से 11 हजार रुपये नगद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, कनेक्टर, सुई, सुजा और फेविकोल सहित अन्य सामग्री जब्त की है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धाराओं 4, 5, 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

