Central Samvadरायपुर, 27 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए NIT रायपुर में MeitY इंडियाAI छत्तीसगढ़ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (AI-CoE) की स्थापना एवं संचालन के लिए चतुष्पक्षीय MoU पर हस्ताक्षर किए गए।

MoU पर NIT रायपुर, IIIT नया रायपुर, छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसाइटी (CHiPS) और AIC@36Inc Society के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। इसका उद्देश्य AI के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता, क्षमता निर्माण और तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देना है।
AI-CoE का संचालन NIT रायपुर और IIIT नया रायपुर परिसरों से किया जाएगा। NIT रायपुर केंद्र का फोकस खनन एवं खनिज, इस्पात एवं उद्योग, स्वास्थ्य और बहुविषयक अनुप्रयोगों पर रहेगा।
वहीं IIIT नया रायपुर केंद्र कृषि एवं शिक्षा, स्मार्ट सिटी एवं सुशासन तथा चिकित्सा देखभाल जैसे क्षेत्रों पर काम करेगा।इस पहल के तहत AI अनुसंधान परियोजनाओं, हैकाथॉन, कार्यशालाओं, सम्मेलनों और स्टार्टअप कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा।
CHiPS सरकारी विभागों के साथ समन्वय करेगा, जबकि AIC@36Inc स्टार्टअप्स को इन्क्यूबेशन, मेंटरशिप और उद्योग से जुड़ाव में सहयोग देगा। इससे राज्य में AI आधारित समाधान और मजबूत तकनीकी एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र विकसित होने की उम्मीद है।
MeitY इंडियाAI छत्तीसगढ़ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अनुसंधान एवं अनुप्रयोग क्षमताओं को मजबूत करने, स्टार्टअप्स एवं उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित करने, उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में AI तकनीकों को अपनाने में तेजी आने की उम्मीद है।
MoU पर प्रो. एन.वी. रमन्ना राव, निदेशक, NIT रायपुर, ने NIT रायपुर की ओर से NITRRFIE के माध्यम से; प्रो. ओ.पी. व्यास, निदेशक, IIIT नया रायपुर, ने IIIT नया रायपुर की ओर से IIIT-NR FTBIE के माध्यम से; श्री मयंक अग्रवाल, CEO, CHiPS, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन; तथा श्री अनुपम आशीष टोप्पो, CEO, AIC@36Inc Society, रायपुर ने हस्ताक्षर किए।

