Central Samvadजशपुर, 27 अगस्त 2026
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया कैम्प कार्यालय से ‘जशपुर एक्सप्रेस’ योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत जशपुर जिले की 50 महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किए गए, जिससे उन्हें स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना मजबूत परिवार और समृद्ध समाज की बुनियाद है। ई-रिक्शा महिलाओं के लिए नियमित आय और सम्मानजनक स्वरोजगार का माध्यम बनेगा।

उन्होंने बताया कि पिछले रक्षाबंधन पर 14 महिलाओं को ई-रिक्शा दिए गए थे, जबकि इस वर्ष 50 महिलाओं को इसकी सौगात मिली है।कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी।

मुख्यमंत्री ने बहनों को साड़ी और मिठाई भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बगिया में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विश्राम गृह और यादव मोहल्ला तक सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

