Central Samvadरायपुर, 27 अगस्त 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा ‘नेक्स्ट-जेनरेशन इनोवेशंस इन ड्रग डिस्कवरी (NGIDD 2026)’ पर प्रथम राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर से विशेषज्ञ, शोधकर्ता, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. बीरेन्द्रनाथ बनर्जी और विशेष अतिथि IIT भिलाई के डॉ. रुक्मणकेश शामिल हुए। NIT रायपुर की डीन (अकादमिक) डॉ. शुभ्रता गुप्ता, डीन (कॉरपोरेट रिलेशंस एवं रिसोर्स मोबिलाइजेशन) डॉ. शुभाशीष सान्याल तथा जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिमा गुप्ता भी मौजूद रहीं।

डॉ. प्रतिमा गुप्ता ने सम्मेलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नवीन और प्रभावी स्वास्थ्य समाधान विकसित करने की जरूरत बताई। डॉ. शुभाशिष सान्याल ने उत्पाद विकास, तकनीक हस्तांतरण और स्टार्टअप्स की भूमिका पर चर्चा की।मुख्य अतिथि डॉ. बनर्जी ने ड्रग डिस्कवरी में डीएनए की भूमिका और नई तकनीकों के महत्व पर जानकारी दी।

वहीं डॉ. रुक्मणकेश ने शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग बढ़ाने, दवाओं को प्रयोगशाला से बाजार तक पहुंचाने और क्लिनिकल ट्रायल की चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के औषधीय पौधों तथा आयुर्वेद आधारित दवाओं के वैज्ञानिक अध्ययन की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

सम्मेलन का समन्वय डॉ. जे. सत्य एश्वरी और डॉ. डी.एन. रॉय ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. डी.एन. रॉय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।

