Central Samvadनारायणपुर, 5 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प से जोड़ने के लिए नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें 16 से 24 वर्ष के मेधावी विद्यार्थी, राष्ट्रीय-राज्य स्तरीय खिलाड़ी, दिव्यांगजन, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी और आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं ने भाग लिया।वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति ही विकसित भारत 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करेगी। सरकार युवाओं के हुनर, शिक्षा और खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए अवसर उपलब्ध करा रही है।

राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपने हुनर, कौशल, जिज्ञासा और रचनात्मकता को विकसित करना चाहिए। ‘युवा उड़ान’ का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा और मंच उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विकसित भारत 2047, आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया, संविधान, एक देश-एक चुनाव, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने जैसे विषयों पर युवाओं का मार्गदर्शन किया।

इस दौरान शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली भाविका देवांगन और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कोविता कोर्राम को सम्मान मिला।
वहीं मलखंभ, फुटबॉल, खो-खो सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी खेल पुरस्कार प्रदान किए गए।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

