Central Samvadनारायणपुर, 5 सितंबर 2026
शिक्षक दिवस के अवसर पर नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने सेवानिवृत्त शिक्षकों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अनुशासन, संस्कार, धैर्य और संकल्प के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने से सफलता मिलती है। उन्होंने परिवार को पहली पाठशाला बताते हुए माता-पिता और गुरुजनों के सम्मान को भारतीय संस्कृति का आधार बताया। विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का उपयोग पढ़ाई और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के लिए करने की सलाह दी।

समारोह में लेखक शिव कुमार पाण्डेय की अबूझमाड़ की संस्कृति पर आधारित पुस्तक ‘बस्तर के लोक जीवन में वनस्पतियां’ का विमोचन किया गया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 15 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। विकासखंड स्तर पर 6 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार और जिला स्तर पर 3 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया गया।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रस्थ बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एमजी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

