Central Samvadरायपुर, 5 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना एवं शंख अभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी मानव जीवन को सही दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल उत्सव नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन और आदर्शों को अपनाने का अवसर भी है।

मंदिर परिसर में भक्तों के साथ मुख्यमंत्री ने ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ महामंत्र का घोष किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है।

सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था केंद्रों को बेहतर सुविधाओं के साथ भव्य स्वरूप देने की दिशा में कार्य कर रही है। भोरमदेव मंदिर क्षेत्र को प्रसाद योजना के तहत लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश के वृद्धजनों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं, छोटे व्यवसायियों, कारीगरों और स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।उल्लेखनीय है कि इस्कॉन रायपुर के 26वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर 3 से 5 सितंबर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरन्दर मिश्रा, इस्कॉन रायपुर के पदाधिकारी, संतजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

