Central Samvadरायपुर, 06 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के कबीर नगर स्थित दशहरा मैदान में मोर माटी सांस्कृतिक संगठन द्वारा आयोजित तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तीजा-पोरा छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और कृषि परंपराओं से जुड़े प्रमुख लोकपर्व हैं।

ये पर्व समाज में आपसी प्रेम, आत्मीयता और समरसता को मजबूत करते हैं।मुख्यमंत्री ने मोर माटी सांस्कृतिक संगठन की मांग पर कबीर नगर में सर्व समाज भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया और माताओं-बहनों को तीजा पर्व के अवसर पर साड़ी भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा माताओं-बहनों, परिवार और रिश्तों से जुड़ा पर्व है, जबकि पोरा किसानों, खेती और पशुधन के सम्मान का पर्व है। उन्होंने कहा कि इन लोक परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीते दो वर्षों में 11 लाख से अधिक आवास बनाए जा चुके हैं।

किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की सहायता दी जा रही है और अब तक 31 किश्तों का भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन, डिजिटल सेवाओं और नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू सहित मोर माटी सांस्कृतिक संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

