Central Samvadनई दिल्ली, 09 सितंबर 2026
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने छत्तीसगढ़ समेत पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और मध्य प्रदेश में 10,700 करोड़ रुपये से अधिक लागत की तीन मल्टी-ट्रैकिंग रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं से भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में करीब 656 किलोमीटर की वृद्धि होगी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मंजूर परियोजनाओं में खड़गपुर-झारसुगुड़ा चौथी लाइन, कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन और बिलासपुर-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन शामिल हैं। इससे रेलवे संचालन सुचारू होगा और भीड़भाड़ कम करने में मदद मिलेगी।इसके अलावा तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में 10,021 करोड़ रुपये से अधिक लागत की पांच मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।
इनसे करीब 540 किलोमीटर रेल नेटवर्क बढ़ेगा और लगभग 2,100 गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।सरकार ने सात हाई-डेंसिटी रेलवे कॉरिडोर को चार-लेन बनाने का भी फैसला किया है। इन मार्गों में दिल्ली-हावड़ा, मुंबई-हावड़ा, दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-गुवाहाटी, दिल्ली-चेन्नई, हावड़ा-चेन्नई और मुंबई-चेन्नई शामिल हैं। इन कॉरिडोर से जुड़े 2,000 किलोमीटर में चार-लेन का काम पूरा हो चुका है।

