Central Samvadनई दिल्ली, 09 सितंबर 2026
चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक आयोजित होने वाली 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता में भारत पहली बार 11 नई कौशल श्रेणियों में भाग लेगा। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अनुसार, ‘टीम स्किल इंडिया’ 64 में से 63 कौशल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेगी।

भारत का करीब 70 प्रतियोगियों का दल इसमें शामिल होगा।मंत्रालय ने बताया कि यह विश्व कौशल प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सबसे बड़ा और विविधतापूर्ण प्रतिनिधित्व है। पहली बार शामिल की जा रही नई श्रेणियों में डेंटल प्रोस्थेटिक्स और डिजिटल इंटरएक्टिव मीडिया डिजाइन प्रमुख हैं।
कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि नई कौशल श्रेणियों में भारत की भागीदारी देश के कौशल तंत्र के विकास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को मजबूत साझेदारी और निरंतर अभ्यास के माध्यम से वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रही है।

