Central Samvad रायपुर, 14 सितंबर 2026
देशभर में आज गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो गई है।

रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों और देश के अलग-अलग हिस्सों में घरों, पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर गणपति की पूजा-अर्चना की जा रही है।गणेश चतुर्थी को भगवान गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। भगवान गणेश को बुद्धि, समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है।

पर्व को लेकर लोगों में उत्साह है और गणेश पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कई स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मिट्टी और इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं की स्थापना की गई है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणेश चतुर्थी पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, समृद्धि और शुभ शुरुआत के प्रतीक हैं। यह पर्व सभी के जीवन में ऊर्जा, सकारात्मकता और नए संकल्प लेकर आए तथा देशवासियों को सुख, शांति और समृद्धि प्राप्त हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पवित्र पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। उन्होंने भगवान गणेश के आशीर्वाद से सभी के प्रयासों में सफलता और देश की निरंतर प्रगति की कामना की।

इसके अलावा देश सहित छत्तीसगढ़ में तीजा पर्व की भी रौनक बनी हुई है। प्रदेश में महिलाएं तीजा के अवसर पर व्रत और पूजा-अर्चना कर रही हैं। घर-परिवार में पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल है।

