राज्यपाल ने समर्थ भारत कॉन्क्लेव 2026 का उद्घाटन किया
Central Samvad रायपुर, 16 जून 2026
राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधुनिक युग की महत्वपूर्ण तकनीक है, लेकिन यह मानव बुद्धि, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों का विकल्प नहीं बन सकती। उन्होंने युवाओं से एआई और नई तकनीकों का उपयोग नवाचार, समाजहित और राष्ट्र निर्माण के लिए करने का आह्वान किया।

डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय बिलासपुर एवं आईसेक्ट इंडिया ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय समर्थ भारत कॉन्क्लेव 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि तकनीक का उपयोग मानव कल्याण, सामाजिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए होना चाहिए।

उन्होंने डिजिटल एडिक्शन से बचने और तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर भी जोर दिया।राज्यपाल ने कहा कि कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग समय की मांग है। उन्होंने नवाचार और स्टार्टअप को समाज की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों में एआई की पढ़ाई शुरू की गई है और युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।इस अवसर पर राज्यपाल ने एआई कौशल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह मोबाइल लैब प्रदेशभर में विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं जेनरेटिव एआई की जानकारी और व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगी। साथ ही आईसेक्ट के वार्षिक प्रतिवेदन तथा एआई आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया।

