Central Samvad रायपुर 12 जून 2026
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अफीम, गांजा, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समय रहते अवैध खेती की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त वाहनों के लंबित मामलों की समीक्षा की गई और उनकी राजसात व नीलामी प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं को मजबूत बनाने, पुनर्वास केंद्रों की क्षमता बढ़ाने और प्रभावित लोगों तक उपचार एवं परामर्श सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया।
औषधि नियंत्रण विभाग को नियंत्रित दवाओं के स्टॉक का नियमित सत्यापन करने तथा किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

