Central Samvad रायपुर, 29 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा, नवाचार और उद्यमिता से रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाले बनें। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं, स्टार्टअप्स और नवाचारकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री आज रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 में युवाओं, विद्यार्थियों और स्टार्टअप उद्यमियों से सीधे संवाद कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। नई औद्योगिक नीति-2024 में भी नए उद्यमियों और स्थानीय स्तर पर रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए विभिन्न प्रोत्साहन दिए गए हैं।

उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद प्रदेश में अब तक करीब 8.23 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, टेक्सटाइल सहित कई नए क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कृषि और वन संपदा में वैल्यू एडिशन को युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इमली, महुआ, सीताफल, औषधीय पौधों और सुगंधित धान जैसी स्थानीय उपज के प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात से नए व्यवसाय और रोजगार के अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन किया। उन्होंने अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और स्टार्टअप सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र युवाओं के विचारों को अनुसंधान, नवाचार और सफल उद्यम में बदलने के लिए महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत सेंटर परिसर में मौलश्री का पौधा भी लगाया। कॉन्क्लेव में एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण, जैव प्रौद्योगिकी, एआई, डीप-टेक, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यावरण सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप अपने नवाचारों और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं

