Central Samvad रायपुर, 29 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर नगर निगम को केंद्र सरकार की ‘प्रगति-50’ (PRAGATI-50) पहल में शामिल किया गया है। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।

‘प्रगति-50’ के तहत देश के 50 शहरों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चयनित शहरों को केंद्र सरकार की ओर से तकनीकी सहयोग, मार्गदर्शन और नियमित निगरानी मिलेगी।

रायपुर और बिलासपुर में घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक पृथक्करण एवं प्रसंस्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं तथा उपयोग किए गए जल के उपचार और पुन: उपयोग को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर और बिलासपुर नगर निगमों, स्वच्छता मित्रों तथा शहरवासियों को बधाई दी। दोनों शहरों के अनुभव और नवाचार राज्य के अन्य नगरीय निकायों के लिए भी मॉडल के रूप में उपयोगी होंगे।

