Central Samvad रायपुर, 29 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर में सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के दो दिवसीय एमएसएमई कॉन्क्लेव 2.0 का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया।

“नवाचार एवं सतत औद्योगिक विकास द्वारा एमएसएमई का सशक्तिकरण” विषय पर आयोजित कॉन्क्लेव में 250 से अधिक उद्यमियों, नीति-निर्माताओं और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एमएसएमई छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला हैं।

उन्होंने कहा कि एमएसएमई के विकास के लिए बेहतर कानून-व्यवस्था, सुगम सड़क संपर्क और त्वरित स्वीकृतियां जरूरी हैं। राज्य सरकार इन क्षेत्रों में बेहतर कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य की औद्योगिक विकास नीति के केंद्र में एमएसएमई हैं।

सरकार का प्रयास है कि बस्तर और सरगुजा सहित सभी क्षेत्रों के उद्यमियों को उद्योग स्थापना और संचालन से जुड़ी सुविधाएं तेजी से और सहजता से मिलें।कॉन्क्लेव में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, वित्तपोषण, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और औद्योगिक विकास जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

एमएसएमई को वित्तीय सहायता, तकनीकी सुविधाएं और बेहतर कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।कॉन्क्लेव के दूसरे दिन एमएसएमई के व्यावहारिक क्षमता निर्माण पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसमें टोटल प्रोडक्टिव मेंटेनेंस और “काइजेन विद एआई” जैसे सत्रों के माध्यम से उत्पादकता बढ़ाने और डाउनटाइम कम करने के उपायों की जानकारी दी जाएगी।

