Central Samvad रायपुर, 21 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पेण्ड्रा नगर पालिका क्षेत्र में अरपा उद्गम स्थल के समीप नदी घाट स्वच्छता एवं जल स्रोत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों की स्वच्छता, संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर नदी घाट और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता का संदेश दिया।
लोगों को नदी, तालाब और अन्य जल स्रोतों में कचरा नहीं डालने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।इस दौरान वर्षा जल संरक्षण, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण पर भी जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने जल स्रोतों की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैंकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर, पेण्ड्रा नगर पालिका उपाध्यक्ष शरद गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से अरपा नदी के उद्गम क्षेत्र की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।

