Central Samvad रायपुर 6 अक्टूबर 2026
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर नगर निगम के विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अरपा नदी को प्रदूषण से बचाने शहर के 70 छोटे-बड़े नालों के पानी के उपचार के लिए समग्र कार्ययोजना और विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि नालों का दूषित पानी सीधे अरपा नदी में न पहुंचे, इसके लिए दीर्घकालीन और प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।

प्रत्येक नाले की स्थिति और पानी की मात्रा का आकलन कर तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर उपचार योजना तैयार करने को कहा।सोनमणि बोरा ने शहर की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माणाधीन नालंदा परिसर और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के कार्यों की भी जानकारी ली। बिलासपुर में अधोसंरचना मद के 542 स्वीकृत कार्यों में 334 पूर्ण, 182 प्रगतिरत और 26 कार्य अप्रारंभ हैं।बाद में प्रमुख सचिव ने तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

