Central Samvad रायपुर, 5 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव गुजरात के नर्मदा में शुरू हुए दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल हुए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा “गतिशक्ति से प्रगति” थीम पर आयोजित इस शिविर का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया।

चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सड़क निर्माण से जुड़े मंत्री, अधिकारी, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए। पहले दिन राष्ट्रीय राजमार्गों की डिजाइन, भूमि अधिग्रहण, परियोजना क्रियान्वयन, गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।शिविर में पीएम गतिशक्ति के माध्यम से एकीकृत अधोसंरचना नियोजन, भूमि अधिग्रहण में तेजी, भूमि राशि के प्रभावी उपयोग और परियोजना क्रियान्वयन के लिए मॉडल कंसेशन एग्रीमेंट फ्रेमवर्क पर भी मंथन किया गया।

छत्तीसगढ़ में रायपुर-जगदलपुर, बिलासपुर-रायगढ़, कटघोरा-अंबिकापुर और रायपुर-सारंगढ़ फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों की कार्ययोजना पर काम चल रहा है।

चिंतन शिविर में तैयार किए जाने वाले फ्रेमवर्क से इन परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। दूसरे दिन सुरक्षित राजमार्गों के डिजाइन, गुणवत्ता आश्वासन और परियोजना मॉनिटरिंग पर चर्चा होगी।

