Central Samvad रायपुर, 6 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में लगातार तीसरे वर्ष आयोजित हो रहे बस्तर ओलंपिक को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। इस बार बस्तर संभाग के सातों जिलों से 6 लाख 492 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। खास बात यह है कि इसमें महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों से 1 लाख 63 हजार 696 अधिक है। कुल पंजीकृत खिलाड़ियों में 3 लाख 83 हजार 94 महिलाएं और 2 लाख 18 हजार 398 पुरुष शामिल हैं।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों के इस उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक का आयोजन क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पिछले दो आयोजनों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

पंजीयन के मामले में कांकेर जिला सबसे आगे है। यहां 1 लाख 23 हजार 216 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। इसके बाद बस्तर में 1 लाख 4 हजार 841, कोंडागांव में 85 हजार 584, सुकमा में 80 हजार 313, दंतेवाड़ा में 80 हजार 175, नारायणपुर में 63 हजार 506 और बीजापुर में 62 हजार 857 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है।
प्रतियोगिताएं तीन स्तरों पर आयोजित की जा रही हैं। विकासखंड स्तर की प्रतियोगिताएं 4 से 6 नवंबर तक, जिला स्तर की 16 से 25 नवंबर तक और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर तक प्रस्तावित हैं। प्रत्येक जिले से 410 विजेता खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। हॉकी और वेटलिफ्टिंग के मुकाबले सीधे जिला स्तर पर होंगे।
बस्तर ओलंपिक में कुल 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और रस्साकशी शामिल हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष के बालक-बालिकाएं और सीनियर वर्ग में किसी भी आयु के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।इस आयोजन में नक्सल हिंसा में दिव्यांग हुए खिलाड़ियों और आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी विशेष अवसर दिया गया है।
वे विकासखंड और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल हुए बिना सीधे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। खेल विभाग ने नागरिकों और खेल प्रेमियों से मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

