केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया शुभारंभ, 33,660 करोड़ रुपये की योजना से निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावाCentral Samvad 08 जून 2026 रायपुर
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत विकसित किए गए भव्य पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल देशभर में 100 विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्कों के विकास और निगरानी के लिए एक डिजिटल मंच के रूप में काम करेगा।

पीयूष गोयल ने कहा कि भव्य योजना के तहत राज्यों का चयन प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा। राज्यों को अपनी औद्योगिक क्षमता, भूमि उपलब्धता और निवेश संभावनाओं के आधार पर प्रस्ताव प्रस्तुत करने होंगे। इससे निवेशकों को औद्योगिक पार्कों की भूमि, कनेक्टिविटी और अन्य सुविधाओं की जानकारी एक ही मंच पर मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस योजना के लिए 33,660 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। योजना के तहत छह वर्षों में 100 निवेश-योग्य और आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। इन पार्कों में बेहतर सड़क, रेल, बिजली, जल, डिजिटल कनेक्टिविटी और सिंगल विंडो मंजूरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्कों में स्टार्टअप, डीप-टेक, अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा नवाचार आधारित उद्योगों के लिए भी विशेष स्थान विकसित किए जाएंगे। साथ ही बीआईएस, एफएसएसएआई और अन्य संस्थाओं के सहयोग से आधुनिक परीक्षण सुविधाएं भी स्थापित की जाएंगी।
योजना के कार्यान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम (NICDC) को सौंपी गई है। सरकार का लक्ष्य इस पहल के माध्यम से निवेश बढ़ाना, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करना और भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में मजबूत बनाना है।

