Central Samvadरायपुर, 11 जुलाई 2026
कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य में वन महोत्सव के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने 6 किलोमीटर लंबे भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ इको ट्रेल का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता का अवलोकन किया।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।

वन महोत्सव के दौरान करियाआमा गांव में 51 काला आम के पौधों का रोपण किया गया तथा 50 हजार सीड बॉल और एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत हुई। साथ ही बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट वितरित किए गए। वन विभाग ने बताया कि भोरमदेव इको ट्रेल का संचालन प्रत्येक शनिवार और रविवार को प्रशिक्षित नेचर गाइड के साथ किया जाएगा, जहां पर्यटक जंगल, वन्यजीव, पक्षियों और औषधीय वनस्पतियों का प्राकृतिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।

