Central Samvad रायपुर, 07 जून 2026
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट केवल खातों और कर संबंधी सलाह देने वाले पेशेवर नहीं हैं, बल्कि व्यवसायों को सही दिशा दिखाने वाले भरोसेमंद मार्गदर्शक भी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता में लेखांकन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और बदलते समय के साथ इसकी जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सीए छात्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस पेशे की सबसे बड़ी ताकत विश्वास और गोपनीयता है। ग्राहक का भरोसा ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और पेशेवर कार्यशैली से ही अर्जित किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम उद्योग देश में रोजगार सृजन के प्रमुख आधार हैं, इसलिए उद्यमिता और व्यापार को बढ़ावा देना आवश्यक है।

राज्यपाल ने कर प्रणाली को अधिक सरल और सुगम बनाने पर भी जोर दिया।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक उद्देश्यों के लिए होना चाहिए। साथ ही युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी।सम्मेलन का आयोजन भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की रायपुर शाखा और सिकासा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें देशभर से एक हजार से अधिक सीए विद्यार्थियों ने भाग लिया।

