Central Samvad 07 जून 2026
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के कई हिस्सों में रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के अतिरिक्त क्षेत्रों में पहुंच गया है। इसके साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भी मानसून ने दस्तक दे दी है।

मौसम विभाग ने कर्नाटक, केरल, माहे, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश का अनुमान जताया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में अगले चार से पांच दिनों तक वर्षा होने की संभावना है।मानसून दक्षिण कोंकण क्षेत्र में भी पहुंच चुका है। महाराष्ट्र के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में बारिश शुरू हो गई है और मंगलवार तक कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। इस बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

